राम वन गमन पथ पर्यटन रैली के तहत् कोण्डागांव जिले में 15 दिसम्बर को प्रातः 9.30 बजे एनएच-30 विशनपुरी के पास जिला कोण्डागांव सीमा से न्यूनतम 50 बाइकर्स के साथ प्रारंभ होगी। उक्त बाइक रैली को स्थानीय विधायक/पंचायत अध्यक्ष/स्थानीय जनप्रतिनिधियों के द्वारा झण्डा दिखाकर रवानगी दी जावेगी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार आगमन सीमा पर एवं रैली के समाप्ति के समय जिला सीमा अंतर्गत प्रतीक चिन्ह को संबंधित अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) द्वारा बाइकर्स समूहों को सौपा जावेगा जो जिले की मिट्टी को एकत्रित कर पर्यटन रथ में रखने की जिम्मेदारी का निर्वहन करेगा। इसके साथ ही बाइक रैली के रास्ते में पड़ने वाले ग्राम पंचायतों एवं प्रमुख स्थलों पर पुष्प वर्षा एवं अन्य प्रकार से स्वागत कार्यक्रम भी आयोजित होगा। उक्त रैली दोपहर 2.00 बजे विश्राम गृह कोण्डागांव में पहुंचेगी। बाइकर्स रैली में एनसीसी/एनएसएस/मानस मण्डली/यूथ कांग्रेस या जिला प्रशासन द्वारा चयनित बाइकर्स ही होंगे, जिनका ड्राइविंग लाइसेंस एवं न्यूनतम आयु 18 वर्ष होना अनिवार्य किया गया है। बाइकर्स का चयन जिले से ही किया जाना है एवं बाइक पर निर्धारित यात्री संख्या होनी चाहिए।

        इसके पश्चात् 15 दिसम्बर को ही अपरान्ह बाइक रैली जटायुशिला के लिए प्रस्थान करेगी। जटायुशिला स्थल पर पूर्व से ही रामायण पाठ आदि का आयोजन होगा। जटायुशिला पर्यटन से स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा झण्डा दिखाकर नये बाइकर्स समूह को रवाना किया जावेगा। नये बाइकर्स समूह बोरगांव होते हुए गढ़धनोरा पहुंचेगी। गढ़धनोरा के बाद बाइक रैली का रात्रि विश्राम केशकाल में निर्धारित किया गया है। जहां 16 दिसम्बर को प्रातः 8.00 बजे केशकाल से रवाना होकर एनएच-30 कोमलपुर के पास जिला कांकेर सीमा पर रैली पहुंच जायेगी। उक्त राम वन गमन पथ रैली के लिए आवश्यक बैठक में बाइकर्स का पंजीयन, रैली गुजरने वाले मार्ग के गांव में स्वागत द्वार, बैनर-पोस्टर, मुनादी द्वारा प्रचार-प्रसार के निर्देश कलेक्टर पुष्पेन्द्र कुमार मीणा द्वारा संबंधित अधिकारियों को दिये गये साथ ही अन्य अधिकारियों को भी विभिन्न प्रकार के दायित्व दिये गये हैं।