रायपुर। असल बात न्यूज।। नगर निगम रायपुर क्षेत्र में छत्तीसगढ़ राज्य भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल की योजनाओं का हितग्राहियों...
रायपुर।
असल बात न्यूज।।
नगर निगम रायपुर क्षेत्र में छत्तीसगढ़ राज्य भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल की योजनाओं का हितग्राहियों को फायदा दिलाने तथा योजनाओं से अधिक से अधिक निर्माण श्रमिकों को जोड़ने का काम तेज किया जा रहा है। मंडल के अध्यक्ष सुशील सन्नी अग्रवाल ने यहां एक बैठक लेकर निगम क्षेत्र में चल रहे मंडल की विभिन्न योजनाओं के कामकाज की प्रगति की समीक्षा की।इस दौरान उन्होंने इन योजनाओं का अधिक से अधिक लोगों तक लाभ पहुंचाने के लिए नई व्यवस्थाओं के बारे में भी जानकारी दी।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए मंडल के अध्यक्ष सुशील सन्नी अग्रवाल ने बताया कि राज्य में मंडल की भगिनी प्रसूता, मुख्यमंत्री विश्वकर्मा मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता, नौनिहाल छात्रवृत्ति सहायता, मुख्यमंत्री ई रिक्शा सहायता इत्यादि योजनाएं संचालित है। राज्य में अभी श्रम ई पोर्टल पर श्रमिकों का पंजीयन किया जा रहा है। इससे निर्माण श्रमिकों को अपना पंजीयन कराने में होने वाली कई दिक्कतें दूर हो जाएगी। उन्होंने बताया कि निर्माण श्रमिकों के पंजीयन में होने वाली कठिनाइयों का सरलीकरण किया जा रहा है। इसी कड़ी में नगर निगम रायपुर में प्रत्येक जोन कार्यालय में एक data entry operator की पदस्थापना की जाएगी।यह निर्माण श्रमिकों के पंजीयन और योजनाओं के कोक्रियान्वयन में मदद करेगा। बैठक में मंडल अध्यक्ष श्री अग्रवाल के द्वारा पार्षद गणों की जिज्ञासा और सवालों का समाधान भी किया गया।
बैठक में सर्व श्री निगम के महापौर एजाज ढेबर, सभापति प्रमोद दुबे, नेता प्रतिपक्ष श्रीमती मीनल चौबे, वरिष्ठ पार्षद ज्ञानेश शर्मा, पार्षद नागभूषण राव, सुंदरलाल लाल जोगी, आकाश तिवारी, बंटी होरा, अनु साहू, सहायक श्रम आयुक्त रायपुर सहित विभाग के एक अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।