बिहार के बेगूसराय में मंगलवार शाम 6 बजे NH-28 पर 2 बाइक सवारों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की। 30 किलोमीटर के दायरे में दोनों बदमाश गोलियां चलाते...
बिहार के बेगूसराय में मंगलवार शाम 6 बजे NH-28 पर 2 बाइक सवारों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की। 30 किलोमीटर के दायरे में दोनों बदमाश गोलियां चलाते रहे। रास्ते में जो आया उसे शूट कर दिया। इसमें 11 लोगों को गोली लगी।
गोली लगने से पंचायत समिति सदस्य अमित कुमार की मौत हो गई, वहीं एक प्राइवेट फाइनेंस कर्मचारी सहित 10 लोग घायल हो गए। इनमें से 3 की हालत गंभीर है। अमेरिका की तरह ऐसी मास फायरिंग की गई है। संभवत: यह भारत का पहला ऐसा मामला है।
पुलिस ने समस्तीपुर से 2 संदिग्धों को हिरासत में लिया है। भाजपा ने आज बेगूसराय बंद बुलाया है। केंद्रीय मंत्री गिरीराज सिंह ने नीतीश कुमार का इस्तीफा मांगा है। एसपी ने इस मामले में पुलिस की लापरवाही मानी है। और 7 पुलिस वालों को सस्पेंड कर दिया है।

फायरिंग में मृतक और घायलों की पहचान हुई
मृतक चंदन कुमार (पिपरा गांव), घायलों में विशाल सोलंकी (पटना), रंजीत यादव (मोकामा), नितेश कुमार (बेगूसराय), गौतम कुमार (तेयाय), अमरजीत कुमार (बरौनी), नीतीश कुमार (मंसूरचक), मोहन राजा (मरांची), प्रशांत कुमार रजक और भरत यादव।
40 मिनट में 30 किलोमीटर के दायरे में जो आया शूट करते गए
NH-28
पर काले रंग का हेलमेट और सफेद शर्ट पहनकर एक बदमाश बाइक चला रहा था, पीछे
बैठा युवक ताबड़तोड़ फायरिंग कर रहा था। दोनों बदमाशों ने 40 मिनट में 30
किलोमीटर की दूरी तक फायरिंग करते रहे। इस दौरान उन्होंने 11 लोगों को गोली
मारी।
समस्तीपुर से हिरासत में 2 संदिग्ध
समस्तीपुर की उजियारपुर पुलिस ने मंगलवार देर रात NH-28 पर बहिरा चौक के पास वाहन चेकिंग के दौरान बाइक सवार दो बदमाशों को हिरासत में लिया है। दोनों के पास से पिस्टल और भारी मात्रा में कारतूस मिले है। दोनों की उम्र करीब 25-26 साल है।
पुलिस को शक है कि बेगूसराय में इन्हीं दोनों ने फायरिंग की थी। पूछताछ में दोनों ने फायरिंग की घटना से अपने को अलग बताया है। दोनों बेगूसराय के रहने वाले बताए जा रहे हैं। उधर मामले की जानकारी के बाद बेगूसराय की पुलिस ने उजियारपुर पहुंचने वाली है।
7 जिलों में अलर्ट....जगह-जगह नाकाबंदी और छापेमारी
बेगूसराय में फायरिंग के बाद 7 जिलों में अलर्ट जारी किया है। बेगूसराय और पटना के अलावा समस्तीपुर, खगड़िया, नालंदा, लखीसराय और मुंगेर जिले की सीमाओं पर नाकाबंदी की गई है। इन जिलों की पुलिस जगह-जगह छापेमारी कर बाइक सवार अपराधियों की तलाश में जुटी है। बेगूसराय की सीमाओं को सील कर दिया गया है।