भिलाई। असल बात न्यूज़।। सांसद विजय बघेल से ताइक्वांडो खेल में राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों ने आज उनके निवा...
भिलाई।
असल बात न्यूज़।।
सांसद विजय बघेल से ताइक्वांडो खेल में राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों ने आज उनके निवास पर पहुंचकर मुलाकात की तथा उन्हें अपनी उपलब्धियों के बारे में जानकारी दी। टीम के इन खिलाड़ियों में से एक खिलाड़ी ने राष्ट्रीय स्तर का स्वर्ण पदक और कुछ खिलाड़ियों ने कांस्य पदक हासिल किया है। सांसद श्री बघेल ने खिलाड़ियों को उनके प्रदर्शन पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सभी के माता पिता चाहते हैं कि उनके बच्चे अच्छी पढ़ाई लिखाई करें। आईएएस आईपीएस अधिकारी बने। लेकिन बच्चे, खेल के क्षेत्र में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अपना,अपने परिवार और देश का नाम पूरी दुनिया में रोशन कर सकते हैं।
सांसद श्री बघेल ने कहा कि भिलाई के बच्चों का एजुकेशन और खेल के क्षेत्र में हमेशा उत्कृष्ट प्रदर्शन रहा है। इसी के फलस्वरुप भिलाई की एजुकेशन हब के रुप में पहचान बनी है।। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ये युवा खिलाड़ी हमेशा उत्कृष्ट प्रदर्शन करते रहेंगे।भिलाई के इन खिलाड़ियों ने नई दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में आयोजित नेशनल ताइक्वांडो कराटे योगा चैंपियनशिप 2022- 23 में हिस्सा लिया। जिसमें अंकित राय ने स्वर्ण पदक, गौरी, दीक्षा तथा रुक्मणी साव ने अपने अपने ग्रुप में कांस्य पदक हासिल किया।इन खिलाड़ियों ने सांसद श्री बघेल को बताया कि मुंगेली में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में उनके प्रदर्शन के आधार पर उन सभी का राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित उक्त प्रतियोगिता के लिए चयन किया गया। दिल्ली में भी उन सभी ने बेहतर प्रदर्शन किया है और प्रतियोगिता में हम 4 मेडल जीतने में सफल रहे।
सांसद विजय बघेल से मुलाकात के दौरान युवा खिलाड़ियों के साथ पूर्व पार्षद छोटे लाल चौधरी भारतीय जनता युवा मोर्चा के अमित मिश्रा, रितेश सिंह ठाकुर, नवीन सिंह तथा जयंत शर्मा भी उपस्थित थे।