भिलाई. असल बात news. स्वामी श्री स्वरूपानंद सरस्वती महाविद्यालय, हुडको, भिलाई के कंप्यूटर विज्ञान विभाग द्वारा "टेक-इंटेलेक्ट 2.0...
भिलाई.
असल बात news.
स्वामी श्री स्वरूपानंद सरस्वती महाविद्यालय, हुडको, भिलाई के कंप्यूटर विज्ञान विभाग द्वारा "टेक-इंटेलेक्ट 2.0" प्रतियोगिता का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। प्रश्न मंच में विद्यार्थियों के कंप्यूटर ज्ञान को जांचा गया इसके लिए कंप्यूटर सामान्य ज्ञान से संबंधित प्रश्न पूछे गए जिसमें सभी संकाय के विद्यार्थियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए श्रीमती रुपाली खर्चे विभागाध्यक्ष कंप्यूटर साइंस ने बताया आज का समय कंप्यूटर प्रौद्योगिकी का युग है यह हमें तेज़ और सटीक गणना करने, डेटा को संग्रहीत और प्रबंधित करने, और दुनिया भर में संचार करने में मदद करता है। यह शिक्षा, व्यवसाय, और मनोरंजन में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।प्रत्येक विद्यार्थियों को कंप्यूटर के जानकारी होनी चाहिए इसी उद्देश्य से प्रश्नमंच के माध्यम से छात्रों के कंप्यूटर सम्बंधित ज्ञान की जाँच की गयी व विद्यार्थियों के ज्ञान को आईसीटी के माध्यम से मापा गया।
महाविद्यालय के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. दीपक शर्मा ने इस आयोजन हेतु कंप्यूटर साइंस विभाग को हार्दिक बधाई दी और कहा इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों को विस्तृत क्षेत्र में सोचने के लिए प्रेरितहोते हैं ।
शंकराचार्य कॉलेज ऑफ़ नर्सिंग की मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. मोनिषा शर्मा ने कहा ऐसी प्रतियोगिताओं में भाग लेने से छात्रों के व्यक्तिव विकास को बढ़ावा मिलता है एवं छात्र अपनी पाठ्यक्रम गतिविधियों से अवगत हो अपने ज्ञान को विकसित कर पाते है ।
महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. हंसा शुक्ला ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा की इस तरह की प्रतियोगिताएं बच्चों को अपनी प्रतिभा, कौशल और क्षमताओं को प्रदर्शित करने के लिए एक अमूल्य मंच प्रदान करती हैं।
क्विज़ को काहूट ऐप की मदद से डिजाइन किया गया था। इसे तीन राउंड में विभाजित किया गया | प्रश्नोत्तरी में कंप्यूटर विज्ञान और प्रौद्योगिकी के विभिन्न क्षेत्रों से प्रश्न शामिल किए गए थे।
प्रतियोगिता में सभी संकायों की तेरह टीमों ने भाग लिया। प्रथम पुरस्कार टीम माइक्रोसॉफ्ट (सदस्य अनीश, गौरव और सीपिका बी.सी.ए अंतिम वर्ष) को मिला। टीम सैमसंग (सदस्य पृथ्वी, वर्णित, खुशील बी.एस.सी प्रथम वर्ष) दूसरे स्थान पर रहीं और टीम असस (सदस्य गुनगुन, जाह्नवी, शुभम बी.सी.ए प्रथम वर्ष) ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम में प्रश्न मंच का संचालन कंप्यूटर साइंस विभाग की स. प्राध्यापक श्रीलथा नायर के द्वारा किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में स.प्रा. जमुना प्रसाद साहू, स.प्रा. प्रशांत ताम्रकार, स.प्रा.संतोषी चक्रबोर्ती ने विशेष योगदान दिया कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापक एवं छात्र-छात्राएं शामिल हुए।