असल बात न्यूज म्हस्के ने सीजीएमएससीएल के अध्यक्ष पद का कार्यभार ग्रहण किया मुख्यमंत्री साय, विस अध्यक्ष डॉ. सिंह, प्रदेश अध्यक्ष देव, मंत्र...
असल बात न्यूज
म्हस्के ने सीजीएमएससीएल के अध्यक्ष पद का कार्यभार ग्रहण किया
मुख्यमंत्री साय, विस अध्यक्ष डॉ. सिंह, प्रदेश अध्यक्ष देव, मंत्री जायसवाल समेत मंत्री, विधायक, निगम-मंडलों के अध्यक्षों, पार्टी पदाधिकारी कार्यकर्ता हुए शरीक
रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता दीपक म्हस्के ने शुक्रवार को छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेस कॉर्पोरेशन लिमिटेड (सीजीएमएससीएल) के अध्यक्ष पद का कार्यभार ग्रहण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल, मंत्री दयालदास बघेल, विधायक अमर अग्रवाल, राजेश मूणत, सुनील सोनी, पुरंदर मिश्रा, मोतीलाल साहू, इंद्रकुमार साहू, रोहित साहू, प्रदेश महामंत्री संजय श्रीवास्तव, अनुराग सिंहदेव, रामप्रताप सिंह, महापौर मीनल चौबे, ड़. सलीम राज, मोना सेन, लोकेश कावड़िया, वर्णिका शर्मा, प्रफुल्ल विश्वकर्मा, अमरजीत छाबड़ा, राजीव अग्रवाल, संदीप शर्मा, केदार गुप्ता, शशांक शर्मा, रायपुर शहर जिला अध्यक्ष रमेश ठाकुर, ग्रामीण जिला अध्यक्ष श्याम नारंग सहित काफी संख्या में भाजपा नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता तथा विभागीय अधिकारी उपस्थित थे। इस अवसर पर विभागीय पुस्तिका का विमोचन भी किया गया।
प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस मौके पर कहा कि डॉ. रमन सिंह के मुख्यमंत्रित्व काल में सीजीएमएससीएल का गठन हुआ था। तब अमर अग्रवाल उस सरकार में स्वास्थ्य मंत्री थे। दूरस्थ अंचलों में हमारे अस्पतालों में मरीजों तक समय पर दवाएँ उपलब्ध कराना सीजीएमएससीएल का उद्देश्य था। तब इस कॉर्पोरेशन ने बहुत अच्छे ढंग से काम किया, लेकिन बीच के कांग्रेस शासन के पाँच साल में इस कॉर्पोरेशन में घोटाले हुए, जिनकी जाँच हो रही है। श्री साय ने भरोसा दिलाया कि मौजूदा स्वास्थ्य मंत्री श्री जायसवाल और श्री म्हस्के मिलकर स्वास्थ्य सेवाओं को बहुत अच्छे ढंग से आगे बढ़ाएंगे। श्री साय ने छत्तीसगढ़ के रजत जयंती वर्ष और प्रदेश सरकार के कार्यक्रमों व जनकल्याणकारी योजनाओं की चर्चा की और प्रदेश में भाजपा शासनकाल में स्वास्थ्य सेवाओं व सुविधाओं के हुए विस्तार का जिक्र भी किया और कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में प्रदेश सरकार तेजी से काम कर रही है।
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने सीजीएमएससीएल को दवाओं की समय पर उपलब्धता, आधारभूत संरचना को मजबूत करते हुए स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दृष्टि से उपयोगी संस्था बताते हुए कहा कि सीजीएमएससीएल की जो छवि पिछले कांग्रेस शासन के दौरान धूमिल हुई है, उसे ठीक करने का काम श्री म्हस्के करेंगे, यह विश्वास हम सबको है। संगठन ने इसी विश्वास के साथ श्री म्हस्के को यह जिम्मेदारी सौंपी है। डॉ. सिंह ने कहा कि एक बड़े उद्देश्य को लेकर शुरू किया गया यह कॉर्पोरेशन अपने उस मूल उद्देश्य से पुन: जुड़कर जरूरतमंदों को समय पर दवा की उपलब्धता होगी, स्वास्थ्य सेवाएँ मिलेंगी।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने श्री म्हस्के को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि उनका व्यक्तिगत अनुभव यही है कि श्री म्हस्के तकनीकी रूप से बेहद सक्षम व्यक्तित्व के धनी हैं और इसका लाभ उनके दायित्व निर्वहन में प्रदेश को मिलेगा। हम सबको विश्वास है कि श्री म्हस्के के नेतृत्व में विभाग का कामकाज पूरी निष्ठा के साथ ज्यादा पारदर्शी और बेहतर ढंग से संचालित होगा।
स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने सीजीएमएससीएल के गठन की पृष्ठभूमि और उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं को सहज-सुलभ बनाने में इस विभाग की महती भूमिका रही है। कांग्रेस के शासनकाल में सीजीएमएससीएल को भ्रष्टाचार का अड्डा बना दिया गया था। कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में इसके जरिए हुए घोटालों की चर्चा आज भी मीडिया में चल रही है। अब मुख्यमंत्री श्री साय के नेतृत्व में पूरे सिस्टम को पारदर्शी बनाने का काम प्रदेश की भाजपा सरकार ने अपने 15 माह के वर्तमान कार्यकाल में किया है। श्री जायसवाल ने भरोसा दिलाया कि उनके सहयोगी के तौर पर श्री म्हस्के के नेतृत्व में सीजीएमएससीएल अपने उद्देश्यों को प्राप्त कर जनसेवा का बड़ा माध्यम बनेगा और प्रदेश को इसका पूरा लाभ मिलेगा।
छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेस कॉर्पोरेशन लिमिटेड के नवनियुक्त अध्यक्ष दीपक म्हस्के ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटलजी ने जन-भावनाओं को समझकर छत्तीसगढ़ राज्य का गठन किया और यहाँ सुशासन की नींव रखी। डॉ. रमन सिंह के मुख्यमंत्रित्व काल और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में उसी सुशासन के मजबूत करने का काम हुआ और हो रहा है। मुख्यमंत्री श्री साय स्वास्थ्य विभाग के कामकाज को लेकर काफी संवेदनशील हैं। प्रदेश में मोदी की गारंटी के तहत किए गए वादे पूरे करके और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाएँ संचालित करके प्रदेश में तेजी से विकास किया जा रहा है। इसके सुपरिणाम चुनावों में भाजपा के प्रति व्यक्त अभूतपूर्व जन-समर्थन व अटूट जन-विश्वास के रूप में हम सबने देखा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के विजन की चर्चा भी श्री म्हस्के ने की और कहा कि प्रदेश सरकार उसी विजन के साथ काम कर रही है। श्री म्हस्के ने भरोसा दिलाया कि अपने दायित्व का निर्वहन करते हुए अपने कार्यकाल में उसी विजन के साथ प्रदेश की सेवा करूंगा। यह केवल पद नहीं, जनसेवा का माध्यम है। इस पूरे सिस्टम को पारदर्शी बनाना हमारा मुख्य लक्ष्य रहेगा। इस विभाग में भ्रष्टाचार को लेकर जीरो टॉलरेंस की नीति पर सख्ती से काम करेंगे।